वाराणसी में जमीन विवाद में चचेरे भाई को कनपटी पर सटाकर मारी गोली

वाराणसी में जमीन विवाद में चचेरे भाई को कनपटी पर सटाकर मारी गोली

वाराणसी (जनवार्ता)। जमीन और पट्टीदारी के पुराने विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। गुरुवार रात सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में 22 वर्षीय युवक सौरभ सिंह उर्फ बंटी की उसके चचेरे भाई ने पिस्टल सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी।

rajeshswari

मृतक के पिता सर्वेश सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी चचेरे भाई बबलू सिंह और उसके साथी रिशु ने पहले जमीन विवाद के केस में बचाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। इसके बाद धमकी दी गई थी। 28 मई को भी सौरभ को उठाकर ले जाया गया था।

सौरभ सिंह घर के बाहर खड़ा था, तभी बबलू और रिशु ने उसे बुलाया। छोटी-सी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोपी ने पिस्टल निकालकर सौरभ की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली सिर के पार निकल गई। युवक सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के ग्रामीणों को गोली की आवाज सुनाई दी, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे।

परिजनों ने घायल सौरभ को सबसे पहले निजी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया।

पिता सर्वेश सिंह ने बताया, “मैंने अपनी 3 बिस्वा जमीन खरीदी थी। बबलू और रिशु ने सिंधौरा चौकी इंचार्ज रोहित पटेल के माध्यम से बचाने का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ले लिए। इसके बावजूद मेरे बेटे को मार दिया गया। मेरे पास अब सिर्फ 2 बिस्वा जमीन बची है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 28 मई को चौकी इंचार्ज ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी।

इसे भी पढ़े   गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री का जनता दर्शन, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही सिंधौरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। एसओजी, एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार और एसीपी पिंडरा भी मौजूद रहे। कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी बबलू सिंह और रिशु अभी फरार हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

परिवार न्याय की मांग कर रहा है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जमीन विवादों में बढ़ती हिंसा एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *