41 डिग्री तापमान में भी बाबा दरबार में उमड़ी आस्था
वाराणसी (जनवार्ता)। भीषण गर्मी और 41 डिग्री तापमान के बावजूद मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। दोपहर एक से दो बजे के बीच चिलचिलाती धूप और तपते फर्श के बावजूद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर में आस्था का ऐसा दृश्य दिखा, जहां गर्मी श्रद्धालुओं की भक्ति के आगे फीकी पड़ती दिखाई दी।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु घंटों इंतजार कर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं के दल की सदस्य विमला ने बताया कि तेज धूप और उमस के बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद ही उनका दल अन्न ग्रहण करेगा।
वहीं श्रद्धालु निशा ने बताया कि मंदिर परिसर का मार्बल फर्श अत्यधिक गर्म हो चुका है और सिर पर पड़ रही सीधी धूप से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिक स्थानों पर तिरपाल लगाए जाएं। हालांकि मंदिर प्रशासन की ओर से परिसर में दो स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिल रही है।
भीषण गर्मी के बीच उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर बाबा विश्वनाथ के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास को उजागर कर दिया।

