नमो घाट पर सुरक्षा गार्डों की दबंगई, युवक की पीट-पीटकर हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार

नमो घाट पर सुरक्षा गार्डों की दबंगई, युवक की पीट-पीटकर हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी (जनवार्ता)  । शहर के चर्चित पर्यटन स्थल नमो घाट पर रविवार तड़के सुरक्षा गार्डों की बर्बरता ने एक युवक की जान ले ली। घाट पर जाने से रोकने को लेकर हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गार्डों ने 18 वर्षीय युवक को लाठी-डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

rajeshswari


मृतक की पहचान सोनभद्र निवासी 18 वर्षीय राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। बताया गया कि राजेश अपने दोस्तों अक्षय कुमार, अंगद जायसवाल, शिवाजी जायसवाल और रजनीश शाह के साथ आर्टिगा कार से वाराणसी घूमने आया था। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सभी युवक नमो घाट पहुंचे, जहां तैनात सुरक्षा गार्डों ने उन्हें घाट की ओर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि गार्ड पवन यादव ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद युवकों को घेरकर डंडों, बेल्ट और लाठियों से पीटा गया। अचानक हुए हमले से युवक जान बचाकर भागने लगे। इसी दौरान एक युवक पास में खड़ी पीआरवी तक पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी।


सूचना मिलने पर पुलिस और फैंटम दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक राजेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा था। उसके दोस्तों ने उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में मृतक के चार अन्य साथी भी घायल हुए हैं।


मामले में पुलिस ने चंदौली निवासी पवन यादव, सूरज यादव, वाराणसी निवासी मनीष यादव, मीरजापुर निवासी राहुल यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और दंगा की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि देर शाम चार नामजद आरोपितों के साथ सिक्योरिटी एजेंसी विश्वनाथ ट्रेडर्स के संचालक अनुज सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि घाट पर सुरक्षाकर्मियों की अनाधिकृत तैनाती की गई थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

इसे भी पढ़े   आईआईवीआर में पाँच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन


घटना के बाद नमो घाट पर पहुंचे पर्यटकों में दहशत का माहौल देखने को मिला। कई लोग बिना घूमे ही वापस लौट गए। स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और निजी गार्डों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *