सिंधोरा हत्याकांड में नामजद चार आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात को मझांवा गांव में पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे आपसी रंजिश और भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने सौरभ सिंह पुत्र सर्वेश सिंह को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सौरभ सिंह को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतक के पिता की तहरीर पर सिंधोरा थाने में मुकदमा संख्या 126/2026, धारा 3(5)/103(1) बीएनएस के तहत बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह एवं हरिओम सिंह के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने मामले के चार नामजद आरोपियों रिशु सिंह (22 वर्ष), देवी सिंह (58 वर्ष), राजेश सिंह (55 वर्ष) और गोलू सिंह (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मझांवा गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले के दो अन्य नामजद आरोपी बबलू सिंह और हरिओम सिंह अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

