काशी विश्वनाथ धाम में हर-हर महादेव के साथ गूंजा ‘जय हिंद’
पंडित प्रदीप मिश्रा और सतुआ बाबा ने तिरंगा लेकर दिया हर घर तिरंगा का संदेश
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ धाम गुरुवार को ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष से गूंज उठा। नमामि गंगे की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का संकल्प बनाने का आह्वान किया गया।


इस दौरान विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और जगद्गुरु सतुआ बाबा ने हाथों में तिरंगा लेकर काशी विश्वनाथ धाम से लोगों को हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बुजुर्गों, युवाओं, बच्चों और महिलाओं समेत सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर मकसद तिरंगा’ का उद्घोष किया गया। उपस्थित लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज का सम्मान और स्वच्छता का संस्कार देश की पहचान हैं।
आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा और स्वच्छ भारत अभियान जैसे कार्यक्रम नागरिकों में देशप्रेम, आपसी भाईचारे तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव और जय हिंद के नारों से धाम का वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

