91 यूपी बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न

91 यूपी बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न

वाराणसी (जनवार्ता)। 91 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को उत्साह एवं गरिमामय माहौल में समापन हो गया। 15 मई से 24 मई तक आयोजित इस शिविर में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सैकड़ों कैडेटों ने सहभागिता कर सैन्य प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया।

rajeshswari

शिविर के दौरान कैडेटों को फायरिंग, ड्रिल, मानचित्र अध्ययन, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ सत्र, एसएसबी विशेष कक्षाएं तथा नेतृत्व विकास संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। फायरिंग प्रशिक्षण शिविर का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें कैडेटों को हथियार संचालन और निशानेबाजी का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। इसके साथ ही भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेटों के व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का प्रयास किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के महत्व पर विशेष बल दिया गया। कैडेटों को विपरीत परिस्थितियों एवं बदलते मौसम में स्वयं को ढालने तथा चुनौतियों का सामना करने के तरीके भी सिखाए गए। खेलकूद प्रतियोगिताओं, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया।

शिविर के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कैडेटों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक और अन्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने कैडेटों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह (सेना मेडल) ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासित, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों से शिविर में प्राप्त अनुभवों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़े   एडवांस बुकिंग में योद्धा की बत्ती गुल,इधर बुधवार को आर्टिकल 370 और लापता लेडीज भी हुई बेबस

इस अवसर पर एओ कर्नल सुखबीर पूनिया, कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव, सूबेदार मेजर जे.बी. थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह सहित बटालियन के पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *