पहले से अधिक भव्य हुआ काशी विश्वनाथ धाम : रामभद्राचार्य
वाराणसी (जनवार्ता)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रसिद्ध संत एवं विद्वान स्वामी रामभद्राचार्य ने काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए काशी विश्वनाथ धाम के नए स्वरूप की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पहले की अपेक्षा आज काशी विश्वनाथ धाम अधिक भव्य, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मंदिर परिसर का कायाकल्प हुआ है और इसे विश्वस्तरीय स्वरूप मिला है।
स्वामी रामभद्राचार्य ने गंगा दशहरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवनधारा हैं। उन्होंने मां गंगा से प्रार्थना की कि भारत अखंड, समृद्ध और विकसित राष्ट्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ता रहे।
उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का विकास केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर उत्पन्न हुए हैं।
मंदिर परिसर में उनके दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी पवित्रता एवं महत्ता को बनाए रखना सभी का दायित्व है।

