देवदीपावली पर 84 घाटों में तैनात होंगी मेडिकल टीमें, गंगा में रहेंगी दो जल एंबुलेंस
कुल 18 एंबुलेंस की व्यवस्था, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां निरस्त
वाराणसी (जनवार्ता)। देवदीपावली पर गंगा घाटों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत शहर के सभी 84 घाटों को अलग-अलग क्लस्टर में बांटकर मेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक क्लस्टर में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्व के दौरान कुल 18 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इनमें 16 एंबुलेंस घाटों के आसपास बनाए गए विशेष चेकपॉइंट पर रहेंगी, जबकि दो जल एंबुलेंस गंगा में मुस्तैद रहेंगी। इसके अलावा चिकित्सकीय सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं।
विभाग का उद्देश्य किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए घाटों से लेकर गंगा नदी तक विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

