हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित
डॉ. रमेश कुमार अध्यक्ष और डॉ. प्रज्ञा ओझा महामंत्री चुनी गईं
वाराणसी (जनवार्ता) । हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिक्षक संघ की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें चुनाव अधिकारी प्रो. विश्वनाथ वर्मा, प्रो. कनकलता विश्वकर्मा एवं प्रो. ममता वर्मा की देखरेख में शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।


निर्वाचन में विधि विभाग के डॉ. रमेश कुमार को अध्यक्ष, इतिहास विभाग के डॉ. विनीत कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, भूगोल विभाग के डॉ. अमित पांडेय को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, हिंदी विभाग की डॉ. प्रज्ञा ओझा को महामंत्री, अंग्रेजी विभाग की डॉ. आकांक्षा सिंह को संयुक्त मंत्री तथा संस्कृत विभाग के डॉ. रविकांत कसौधन को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. ओम शर्मा एवं महामंत्री डॉ. धीरज कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षक सदस्यों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार जताते हुए नई कार्यकारिणी के निर्वाचन का प्रस्ताव रखा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार ने निर्विरोध चुने जाने पर सभी शिक्षक सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से शिक्षक हितों की रक्षा के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अकादमिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षक हितों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास और शिक्षक हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपेक्षा जताई।
बैठक में मौजूद शिक्षक सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और शिक्षक संघ को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

