नारी शक्ति की नई उड़ान: वाराणसी में शुरू हुई ‘नारी प्रकृति रक्षा सेना’
वाराणसी (जनवार्ता)। महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘नारी प्रकृति रक्षा सेना’ का शुभारंभ किया गया। संस्था का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना, आत्मसम्मान से लैस करना तथा समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश फैलाना है।


संस्था की संस्थापिका चंदा प्रजापति ने बताया कि पिछले कई वर्षों से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्यरत रहने के बाद अब उन्होंने एक संगठित मंच के रूप में ‘नारी प्रकृति रक्षा सेना’ की स्थापना की है। यह संस्था महिलाओं की लड़ाई को और मजबूत बनाएगी तथा उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगी।

नवरात्रि के पावन सातवें दिन वार्ड नंबर 18 के भाजपा सभासद राजेश यादव ने फीता काटकर संस्था का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संस्था को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और महिलाओं के सशक्तिकरण की इस पहल की सराहना की।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित सभी महिलाओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की पदाधिकारी उर्मिला देवी ने कहा कि यह संगठन महिलाओं के लिए एक मजबूत ढाल और प्रेरणा स्रोत बनेगा।

