जिला कैरम लीग में गौरव-कृष्ण और झुनझुन-हर्षित की जोड़ी विजयी
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी जिला कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में ईंगलिसियालाइन स्थित श्रीमती चन्द्रा त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में आयोजित पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए।


पुरुष वर्ग के युगल मुकाबले में गौरव गुप्ता और कृष्ण दयाल यादव की अनुभवी जोड़ी ने नूरैन खान और वैभव नारायण सिंह की जोड़ी को सीधे सेटों में 23-5 और 25-10 से हराकर पूर्ण अंक हासिल किए। वहीं सीनियर खिलाड़ी जमुनाधर उर्फ झुनझुन गुप्ता और युवा खिलाड़ी हर्षित केसरी की जोड़ी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में अश्वनी मौर्य और प्रियांशु यादव की जोड़ी को 15-18, 25-4 और 25-8 से पराजित कर जीत दर्ज की।
एकल वर्ग के मुकाबले में सीनियर खिलाड़ी अशोक कुमार सिंह ने युवा निशांत सिंह को 25-8 और 25-10 से हराकर प्रतियोगिता में अपना पहला एकल मैच जीत लिया।
आयोजन समिति के अनुसार 26 मई को केवल महिला वर्ग के युगल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय निर्णायक एवं प्रधान निर्णायक रमेश कुमार वर्मा तथा आयोजन सचिव अश्विनी चक्रवाला की देखरेख में किया गया। मैचों में अंपायर की भूमिका हरियाली सिंह, रेणुका राय, अंजली गुप्ता, प्रसाद सोनी प्रसाद और आर्या यादव ने निभाई।

