नमो घाट पर भव्य एयर शो की तैयारी शुरू

नमो घाट पर भव्य एयर शो की तैयारी शुरू

जैगुआर लड़ाकू विमानों ने किया रिहर्सल

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के नमो घाट पर आगामी 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को भारतीय वायुसेना के तीन जैगुआर लड़ाकू विमानों ने वाराणसी के आसमान में उड़ान भरकर रिहर्सल की शुरुआत की। विमानों की गर्जना और उनके हैरतअंगेज करतबों ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और लोगों ने इस रोमांचक दृश्य को उत्साह के साथ देखा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद जैगुआर विमानों ने गंगा तट और शहर के ऊपर अभ्यास उड़ान भरी। यह रिहर्सल भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर 8 अक्टूबर को नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का हिस्सा है।
प्रस्तावित एयर शो में राफेल लड़ाकू विमान, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सहित 100 से अधिक आधुनिक विमान और हेलीकॉप्टर अपनी क्षमता और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। गंगा के ऊपर आयोजित होने वाला यह आयोजन काशी के इतिहास का पहला इतना बड़ा एयर शो माना जा रहा है।
रिहर्सल के दौरान नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी पूरे अभ्यास की निगरानी करते रहे, जबकि स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों के अनुसार, मुख्य कार्यक्रम से पहले विभिन्न विमानों के साथ लगातार अभ्यास किया जाएगा ताकि आयोजन सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस महाआयोजन को लेकर भारतीय वायुसेना और एयरपोर्ट प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। विमानों की लैंडिंग, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक एयर शो में देश के शीर्ष गणमान्य व्यक्तियों के साथ विदेशी प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, हजारों स्थानीय नागरिक और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक नमो घाट तथा गंगा के विभिन्न घाटों से इस भव्य आयोजन का साक्षी बन सकेंगे।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   सोनभद्र : 3 वर्षीय नाबालिग से रेप के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *