चोरी के 14 मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार
48,100 रुपये नकद बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना पुलिस ने चोरी के 14 मोबाइल फोन के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 48,100 रुपये नकद भी बरामद किए। दोनों आरोपियों को बुधवार की रात हृदयपुर अंडरपास के पास से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेनीपुर, सारनाथ निवासी किशन राजभर (24) और अशोक विहार कॉलोनी, सारनाथ निवासी अविनाश दीक्षित (31) के रूप में हुई।
पूछताछ में किशन राजभर ने पुलिस को बताया कि वह चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहनों के चालकों के पास से मोबाइल फोन चोरी करता था और उन्हें अविनाश दीक्षित को कम कीमत में बेच देता था। वह चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ही हृदयपुर अंडरपास पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 48,100 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक किशन राजभर के खिलाफ सारनाथ थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अविनाश दीक्षित के खिलाफ इसी मामले में मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी सहित उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, सौरवपति त्रिपाठी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

