मोहर्रम को लेकर लोहता पुलिस का रूट मार्च, थानाध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से लोहता पुलिस ने शनिवार शाम क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रूट मार्च किया। थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ महमूदपुर, तकिया, अलावल, मीना बाजार, कनई सराय तथा हरपालपुर गांवों में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


रूट मार्च के दौरान थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों, ताजियादारों, सरदारों, महतों एवं अन्य आयोजकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिया की ऊंचाई एवं चौड़ाई पूर्व वर्षों की भांति ही रहेगी तथा जुलूस केवल निर्धारित मार्गों से ही निकाला जाएगा। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी।

थानाध्यक्ष ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि डीजे और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल की विशेष निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर महमूदपुर के ग्राम प्रधान इम्तियाज हाशमी तथा हैदर महतो ने पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। रूट मार्च में कोटवा चौकी इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

