श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए सीईओ बने सत्यम मिश्रा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पद पर पीसीएस अधिकारी सत्यम मिश्रा की तैनाती की है। वह विश्वभूषण मिश्रा का स्थान लेंगे। विश्वभूषण मिश्रा को पिछले सप्ताह इस पद से हटाकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भेजा गया था।

सत्यम मिश्रा मूल रूप से हरदोई जिले के रहने वाले हैं और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के 2015 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने 15 मार्च 2016 को पीसीएस अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी। उनकी पहली तैनाती बरेली में डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुई थी।
इसके बाद उन्होंने गाजीपुर के सैदपुर, महराजगंज और चित्रकूट में डिप्टी कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वह रामपुर में सिटी मजिस्ट्रेट और वर्ष 2023 में मुरादाबाद में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) भी रहे। छह जनवरी 2025 से वह प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर कार्यरत थे। अब शासन ने उन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
¹

