गोबर से चोक हो रही सीवर लाइन, बारिश में घुटनों तक भर रहा पानी
वाराणसी (जनवार्ता)। अगस्तकुंडा क्षेत्र के कालिया गली मोहल्ले में सीवर की गंभीर समस्या से परेशान स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गलियों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या की जमीनी हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सभासद विजय द्विवेदी समेत नगर निगम और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


स्थानीय नागरिकों ने नगर आयुक्त को बताया कि क्षेत्र में थोड़ी सी बारिश होते ही गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है। सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों को गंदे पानी के बीच आवागमन करना पड़ता है। नागरिकों के अनुसार समस्या का प्रमुख कारण सीवर लाइनों में गोबर बहाया जाना है। क्षेत्र में गाय-भैंस रखने वाले कुछ लोग मवेशियों का गोबर सीधे सीवर में बहा देते हैं, जिससे लाइनें बार-बार चोक हो जाती हैं।
लोगों ने बताया कि सीवर जाम होने के कारण बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं बचता और गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से समस्या के कारणों और सीवर व्यवस्था की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए मौके की स्थिति के अनुसार सीवर लाइन की सफाई और व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया।

