शास्त्री कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया कल से शुरू, 15 जुलाई तक होंगे आवेदन
वाराणसी (जनवार्ता)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री (स्नातक) कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया सोमवार, 15 जून से शुरू होगी। इच्छुक विद्यार्थी 15 जुलाई 2026 तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संस्कृत, भारतीय दर्शन और प्राच्य विद्याओं के अध्ययन में रुचि रखने वाले छात्रों से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।
छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने रविवार को बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को परंपरा और आधुनिकता के समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और जीवन-दर्शन की आधारशिला है। शास्त्री कक्षा में प्रवेश लेकर विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में वेद, व्याकरण, ज्योतिष, साहित्य, पुराण, धर्मशास्त्र, न्याय, वेदान्त, पालि एवं थेरवाद सहित अनेक पारंपरिक विषयों में स्नातक स्तर की शिक्षा उपलब्ध है। यहां विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल स्रोतों से जुड़ने के साथ-साथ आधुनिक युग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यक्तित्व विकास का अवसर भी मिलता है।
प्रो. मिश्र के अनुसार लगभग 236 वर्षों की गौरवशाली शैक्षिक परंपरा वाला यह विश्वविद्यालय काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, विद्वान आचार्यों द्वारा अध्यापन, पारंपरिक एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का समन्वय तथा रोजगारपरक और मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रमों जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया।

