54 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। कमिश्नरेट पुलिस के “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना लोहता पुलिस और एसओजी वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मालवाहक ट्रक और 580 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे थाना लोहता क्षेत्र के सभईपुर अंडरपास के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरहुआ की तरफ से आ रहे एक मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक चालक ने अपना नाम वकील बिन्द पुत्र स्व. राधेश्याम बिन्द निवासी ग्राम रंगपुर, थाना दरियाव, जनपद रोहतास (बिहार) बताया।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह फल लोड करने के लिए बिहार से प्रयागराज जा रहा है, लेकिन सघन जांच के दौरान ट्रक के आगे बने डिवाइडर में छिपाकर रखा गया 54.160 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अन्य राज्य से गांजा खरीदकर स्थानीय बाजारों में ऊंचे दाम पर बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी उड़ीसा राज्य के अढ़ामाली अनुगुर जनपद में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। उसके अन्य राज्यों में आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना लोहता में मुकदमा अपराध संख्या 0162/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राज दर्पण तिवारी, उपनिरीक्षक मो. परवेज, योगेन्द्र कुमार, ऋतुराज मिश्रा, कौशल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विकल्प राय, सत्यप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार, ऋषिकेश राय तथा एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह शामिल रहे।

