सीवर में बालू की बोरियां और पत्थर मिलने पर सपा ने उठाए सवाल
बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
वाराणसी। शहर की सीवर लाइनों में सफाई के दौरान बालू की बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा और अन्य अवरोधक सामग्री मिलने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजू यादव ने मंगलवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग की।

राजू यादव ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसी सामग्री मिलना गंभीर मामला है। जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि सीवर लाइनों में बालू की बोरियां, पत्थर और अन्य सामग्री कब, किसके द्वारा और किस उद्देश्य से डाली गई।
उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कर उनकी जांच कराने की मांग की। साथ ही नगर निगम, जलकल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की गई है।
सपा नेता ने सीवर लाइनों की सफाई एवं रखरखाव में संभावित लापरवाही, भ्रष्टाचार या मिलीभगत की जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शहर की प्रमुख सीवर लाइनों की तकनीकी एवं भौतिक जांच कर स्थायी सुधार के लिए कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया।
राजू यादव ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

