लोकतंत्र बचाओ सप्ताह में सपा 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर करेगी धरना-प्रदर्शन

लोकतंत्र बचाओ सप्ताह में सपा 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर करेगी धरना-प्रदर्शन

वाराणसी (जनवार्ता)। समाजवादी पार्टी की ओर से जिले में आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा। अभियान के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और पात्र मतदाताओं के मताधिकार को लेकर जिले की सभी विधानसभाओं में बैठकें एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

rajeshswari

शनिवार को अर्दली बाजार स्थित सांसद वीरेंद्र सिंह के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने अभियान की जानकारी दी। पार्टी नेताओं ने बताया कि कार्यकर्ता गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाता सूची का परीक्षण कर लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे।

सपा नेताओं ने मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वयं और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करनी चाहिए। पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी अभियान के दौरान उठाई जाएगी।

अभियान के समापन पर आठ अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। पार्टी के अनुसार जिले की सभी विधानसभाओं के नेता और कार्यकर्ता कचहरी स्थित शास्त्री घाट, वरुणा पुल पर एकत्र होंगे और जुलूस के रूप में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंचेंगे। वहां डॉ. आंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद जिला मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्या, शशी प्रताप सिंह, उमेश प्रधान, संजय मिश्रा, आकाश मौर्या और आनंद यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े   चोरी की बाइक और नकदी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *