ट्रेन पर पत्थर मारने वाला गिरफ्तार, जीआरपी ने किया कार्रवाई
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैण्ट वाराणसी पुलिस ने ट्रेन पर पत्थरबाजी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कैण्ट रजोल नागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आनन्द कुमार, हेड कांस्टेबल ओमकार नाथ एवं आरपीएफ रामबाग के हेड कांस्टेबल शिवानन्द दीक्षित रेलवे स्टेशन ज्ञानपुर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग व गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बुधवार शाम करीब 6:46 बजे ट्रेन संख्या 20962 उधना एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय एक व्यक्ति ने बाहर से पत्थर मार दिया, जिससे कोच एस-01 की सीट संख्या 31 के पास का शीशा टूट गया।
घटना से ट्रेन में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई तथा यात्रियों की जान को खतरा उत्पन्न हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अवधेश बिन्द पुत्र भानुप्रताप बिन्द निवासी नंदापुर, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही बताया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना जीआरपी कैण्ट में मुकदमा अपराध संख्या 139/2026, धारा 152 रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

