बाबतपुर के होटल में युवक-युवती की संदिग्ध मौत
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर स्थित केजे होटल में मंगलवार को युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। होटल के एक कमरे में युवती का गला कटा शव पड़ा मिला, जबकि युवक का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


होटल कर्मचारियों की सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती नीतू कादयान भी मौके पर पहुंचीं। उनके साथ एसीपी पिंडरा, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस होटल के रजिस्टर, युवक-युवती की पहचान और होटल में उनके आने-जाने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने और युवती की हत्या के बाद युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी गोमती के निर्देशन में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

