कारगिल शहीद के घर 20 लाख की चोरी

कारगिल शहीद के घर 20 लाख की चोरी

सीसीटीवी में दिखी दो चोरों की दो घंटे घर में मौजूदगी

वाराणसी (जनवार्ता)।कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवान मनीष कुमार सिंह के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शहीद की पत्नी के मकान से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के लमही इलाके की है।
लमही निवासी चंचला सिंह ने बताया कि उनके पति मनीष कुमार सिंह वर्ष 2001 में कारगिल युद्ध के दौरान देश के लिए शहीद हो गए थे। वह अपनी बेटी के साथ लमही स्थित मकान में रहती हैं। दो दिनों पूर्व वह अपने पैतृक गांव मढ़ी, जनपद जौनपुर गई थीं।
सुबह जब वह गांव से लौटकर घर पहुंचीं, तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता के अनुसार, चोरों ने मकान में घुसकर दूसरी मंजिल पर रखी तिजोरी और अलमारी को तोड़ दिया और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने का हार, चेन, ब्रेसलेट, झुमके, बालियां, लॉकेट, अंगूठियां, टॉप्स, नाक की कील के अलावा चांदी के सिक्के, प्लेट, चम्मच और चांदी की चेन शामिल हैं। इसके साथ ही 21 हजार रुपये नकद और करीब 63 हजार रुपये कीमत का लैपटॉप भी चोर ले गए।
चोरों ने वारदात को पूरी इत्मीनान से अंजाम दिया। उन्होंने घर के किचन में रखे गुड़, बिस्किट और बादाम की पट्टी खाई और पानी भी पिया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी लेकर फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में सामने आया है कि दो चोर रात करीब 12:43 बजे मकान की बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल हुए थे और करीब दो घंटे सात मिनट तक घर में रहने के बाद रात 2:50 बजे चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
सूचना पर लालपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर लालपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   वाराणसी पहुंचा राजमहल क्रूज
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *