गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं: मुख्यमंत्री योगी

गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं: मुख्यमंत्री योगी

सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों और अभियंताओं को सड़क निर्माण एवं अन्य परियोजनाओं के कार्यों में युद्धस्तर पर तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडल के लोक निर्माण विभाग के गतिमान एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बरसात से पहले पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि वाराणसी परिक्षेत्र में वर्तमान में 7,175 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें 687 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाओं का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं वाराणसी जनपद में 3,223 करोड़ रुपये की लागत से 421 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें 85 परियोजनाएं पूर्ण तथा 158 परियोजनाएं 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की स्वीकृति, धनराशि और टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। कमिश्नर और जिलाधिकारी नियमित समीक्षा बैठकें कर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत कराई जानी है, उनका पहले सर्वे कराया जाए और नगर निगम अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराए। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के साथ कार्ययोजना में शामिल किया जाए।

इसे भी पढ़े   लखनऊ में घर में घुसकर प्रेमी ने युवती को मारी गोली

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाराणसी में प्रस्तावित यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

बैठक में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विभिन्न जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल तथा पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *