गंगा में दो शव मिले, रामनगर के सुजबाद में सनसनी
वाराणसी (जनवार्ता) । रामनगर थाना क्षेत्र के सुजबाद गांव के पास गंगा नदी में मंगलवार को एक साथ दो अज्ञात शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने शव देखते ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रामनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।

सुजबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय ने बताया कि शवों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दोनों शव अज्ञात हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और शवों की पहचान के लिए विशेषज्ञ टीम भी बुलाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। कई लोग इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। इलाके में अफवाहें फैलने से रोकने के लिए पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के कोई भी अटकलें न लगाएं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है, जिसमें हत्या की आशंका भी शामिल है। शवों की उम्र, लिंग और अन्य विवरणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो पाएगी।

