नवाबगंज आंगनबाड़ी केंद्र से विटामिन-ए एवं आईएफए वितरण अभियान का शुभारंभ

नवाबगंज आंगनबाड़ी केंद्र से विटामिन-ए एवं आईएफए वितरण अभियान का शुभारंभ

3.92 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ, सीएमओ ने अभिभावकों से की सहयोग की अपील

वाराणसी (जनवार्ता)   । जनपद में विटामिन-ए सम्पूरण एवं आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) वितरण अभियान का शुभारंभ बुधवार को नवाबगंज आंगनबाड़ी केंद्र से किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक एवं आईएफए सिरप पिलाकर अभियान की शुरुआत की। यह विशेष अभियान आगामी एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत 3,92,921 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

rajeshswari

इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि विटामिन-ए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, आंखों की रोशनी तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से बच्चों में संक्रमण सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पात्र बच्चों को निर्धारित सत्र स्थलों पर लेकर आएं और अभियान का लाभ दिलाएं।

सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप भी वितरित किया जाएगा। इससे बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के साथ उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में विटामिन-ए एवं आईएफए सिरप उपलब्ध करा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से घर-घर पहुंचकर पात्र बच्चों को अभियान से जोड़ेंगी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नजदीकी टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सत्र स्थलों पर ले जाकर अभियान का लाभ दिलाएं।

इसे भी पढ़े   वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर के अन्नपूर्णा रसोईघर में पीएनजी आपूर्ति शुरू

कार्यक्रम में डॉ. नवीन सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *