यूपी में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट

यूपी में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट

अगले तीन घंटे में कई जिलों में तेज तूफान की चेतावनी, 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

वाराणसी (जनवार्ता):उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बुधवार को हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को भी ऐसे ही हालात बनने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, कानपुर और चित्रकूट सहित मध्य व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, कौशाम्बी, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, रायबरेली, उन्नाव और औरैया समेत कई जिलों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वांचल के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और आजमगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि इस बदलाव के चलते अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि मई की शुरुआत में तापमान फिर 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने के आसार हैं। इसके बाद 4 और 5 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पहले भी दिखा था मौसम का असर
बुधवार को आए आंधी-तूफान ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई थी। तेज हवाओं और बारिश के चलते पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई थीं। अलग-अलग जिलों में हादसों के कारण 14 लोगों की मौत भी हो गई थी। कई स्थानों पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही, जबकि सड़कों पर अवरोध से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   आकाशीय बिजली गिरने से दो भैंसों की मौत

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *