10 हजार रुपये की अवैध शराब संग महिला तस्कर चढ़ी जीआरपी के हत्थे
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट पुलिस ने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर चेकिंग के दौरान एक महिला को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 180 एमएल के 72 क्वार्टर शराब बरामद हुए, जिसकी कुल मात्रा 12.96 लीटर और कीमत करीब 10,080 रुपये बताई गई है।

प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने बताया कि उपनिरीक्षक बृजेश कुमार और हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ की टीम भी चेकिंग करते हुए पुलिस टीम के साथ शामिल हो गई। प्लेटफार्म नंबर एक पर पानी की टंकी के पास एक महिला दो पिट्ठू बैग लेकर बैठी थी। पुलिस टीम को देखकर वह घबराकर भागने का प्रयास करने लगी, जिस पर महिला कांस्टेबल श्रुति मीणा ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेनू देवी (49) पत्नी बिंदेश्वरी, निवासी समस्तीपुर, बिहार बताया। वर्तमान में वह मंडुवाडीह क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान महिला ने दोनों बैग में अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की। तलाशी में दोनों बैग से 180 एमएल के 36-36 क्वार्टर, कुल 72 क्वार्टर 8 पीएम गोल्ड अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की तीव्रता 42.8 प्रतिशत बताई गई है।
पुलिस ने महिला से शराब रखने संबंधी वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सकी। बरामद शराब में से चार क्वार्टर नमूने के लिए अलग कर सील किए गए, जबकि शेष शराब को बैग में रखकर सील कर दिया गया। पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच बरामदगी की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह तथा आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जितेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रमोद राय, कांस्टेबल मनोज कुमार, महिला कांस्टेबल श्रुति मीणा और कांस्टेबल सतीश शामिल रहे।

