केंद्रीय चिकित्सालय बरेका में मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस
वाराणसी (जनवार्ता)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में गुरुवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ तथा कर्मचारी परिषद सदस्य नवीन सिन्हा ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना और एम.एल. श्राब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।


कार्यक्रम के समन्वयक राजेंद्र कुशवाहा एवं सोमनाथ हेम्ब्रम ने फार्मासिस्ट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। औषधियों के उचित भंडारण, उपलब्धता, सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के साथ मरीजों को दवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका रहती है।
फार्मासिस्ट डॉ. अतुल कुमार साहू ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र में लगातार नए शोध, नवीन औषधियों और तकनीकी बदलाव हो रहे हैं। इनकी जानकारी फार्मासिस्टों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर करने और औषधियों के सुरक्षित उपयोग में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में केंद्रीय चिकित्सालय के मरीजों के साथ चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। संचालन फार्मासिस्ट अनुराग जायसवाल ने किया। इस दौरान डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. एसके मौर्या, डॉ. मिन्हाज अहमद, डॉ. सौरभ सागर, डॉ. अब्दुल माबूद, डॉ. मोहम्मद याफिक, डॉ. स्नेहांजलि, डॉ. कोमल समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।

