कैथी घाट पर गंगा में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा मातम

कैथी घाट पर गंगा में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा मातम

चौबेपुर, (जनवार्ता)। थाना चौबेपुर क्षेत्र के कैथी गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम छा गया।
मृतक की पहचान गनपत प्रजापति (28) पुत्र स्वर्गीय तिलकू प्रजापति निवासी ग्राम जहानपुर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि गनपत शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए कैथी घाट पहुंचे थे। स्नान करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।
साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाश अभियान चलाया गया। बाद में युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि गनपत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी रेखा प्रजापति, पुत्र सत्यम प्रजापति और पांच वर्षीय पुत्री शिवांगी हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचना चाहिए और प्रशासन को भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   चौबेपुर में बाइक चोरी सीसीटीवी में कैद, मास्टर चाबी से चुराई बाइक, चार बड़ी चोरियों का नहीं हुआ खुलासा
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *