देव दीपावली की तैयारियां चाक-चौबंद

देव दीपावली की तैयारियां चाक-चौबंद

पुलिस आयुक्त ने घाटों का किया निरीक्षण

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त  मोहित अग्रवाल ने अपर पुलिस महानिदेशक यातायात ए. सतीश गणेश के साथ बुधवार को गंगा तट के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वीआईपी अतिथियों के आगमन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, नौका संचालन, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने नौका से गंगा नदी के किनारे सभी प्रमुख घाटों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। नमो घाट पर वीआईपी अतिथियों के लिए की गई पार्किंग और अन्य तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में दीपोत्सव, लेजर शो और आतिशबाजी जैसे कार्यक्रमों के लिए घाटों पर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख घाटों पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग की गई है। प्रवेश-निकास मार्गों पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग कर दिशा-निर्देश दिए गए। गंगा घाट क्षेत्र को पूर्णतः नो-फ्लाई जोन घोषित कर ड्रोन और अन्य उड़ने वाले यंत्रों के संचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है, जिसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

गंगा नदी में नौकाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन अनिवार्य किया गया है। निर्धारित सवारी सीमा, लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग और अनुभवी नाविकों द्वारा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। नदी क्षेत्र में फ्लोटिंग डिवाइडर्स लगाकर नौकाओं के आवागमन मार्ग को पृथक किया गया है।

इसे भी पढ़े   बीएचयू छात्रावास में दरोगा समेत तीन पर मारपीट का मुकदमा, चाणक्य हॉस्टल में हुई घटना

आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोर दलों की तैनाती सभी प्रमुख घाटों एवं गंगा जल क्षेत्र में की गई है। प्रत्येक घाट पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) स्थापित कर उनकी कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। वॉच टावरों पर पीए सिस्टम के साथ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को सतर्क रहने के आदेश दिए गए।

अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी घाटों और प्रमुख स्थलों पर फायर टेंडर, मोटर बोट व फायर टीम तैनात की गई है। उपकरणों की पूर्व जांच कर सभी टीमों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी किए गए।

पुलिस आयुक्त श्री अग्रवाल ने कहा कि देव दीपावली पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हर स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था को परफेक्ट बनाया जा रहा है, ताकि पर्व बिना किसी असुविधा के संपन्न हो सके।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *