कार्तिक पूर्णिमा पर काशी की अद्भुत, अलौकिक और दिव्य देव दीपावली
वाराणसी (जनवार्ता)। दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में देव दीपावली पर्व पर दीपों की दपदप, विद्युत झालरों की जगमग, गीत-संगीत और आतिशबाजी ने वातावरण को भक्ति और उत्साह से भर दिया।


जहाँ
माँ गंगा की अलौकिक आरती पहलगाम हमले के शहीदों एवं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीरों को समर्पित रही। जिसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वही “हर-हर महादेव” और “हर-हर गंगे” के गगनभेदी उद्घोष से घाट गुंजायमान हो उठा।
इस दौरान समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दूबे (बाबू महाराज) व सचिव पं. दिनेश शंकर दूबे के संयोजन में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुमेरूपीठ शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने 151 लीटर दूध से माँ गंगा का दुग्धाभिषेक कर गंगा निर्मलीकरण का संकल्प दोहराया।
वही 21 बटुकों और 21 रिद्धि-सिद्धियों संग 21 बेटियों ने महाआरती संपन्न कर बेटी सम्मान का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में सांसद व गायक मनोज तिवारी सहित कई कलाकारों ने भक्ति संगीत से श्रद्धांजलि दी।
इसके समापन पर शहीद जवानों की स्मृति में दीपदान और आकाशदीप समर्पण हुआ। इस आयोजन का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र संयोजक राजेश शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक पं० कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, शांतिलाल जैन, संकठा प्रसाद, संजय यादव, रामबोध सिंह, मयंक दुबे सहित अन्य लोग शामिल रहे।

