अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह का सम्मान, काशी का नाम फिर हुआ रोशन
वाराणसी(जनवार्ता)।मॉरीशस में हाल ही आयोजित इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर काशी का गौरव बढ़ाने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह का सम्मान समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। सामने घाट स्थित बिजुरिया वीर कॉलोनी के प्राचीन बाल हनुमान मंदिर के महंत सत्यम तिवारी के आवास पर हुए इस विशेष कार्यक्रम में महंत जी ने खुशी सिंह का सम्मान किया।

महंत सत्यम तिवारी ने कहा, “काशी की बिटिया खुशी सिंह लगातार देश-विदेश की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर भारत का नाम चमका रही हैं। यह पूरे शहर और देश के लिए गर्व का क्षण है।”
कार्यक्रम के दौरान महंत जी ने खुशी को सुंदरकांड की पुस्तिका, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान ग्रहण करते हुए खुशी सिंह ने कहा कि उनकी हर सफलता के पीछे उनके पिता का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन रहा है, जिसकी वजह से वह लगातार आगे बढ़ती रही हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पत्रकार सोनाली पटवा, डॉ. आशुतोष मिश्रा, अभिषेक भट्टाचार्या, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमित सोनकर, डॉ. मोहनलाल गुप्ता, नितिन श्रीवास्तव और मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे।

