मिर्जामुराद : छठ मनाने बिहार जा रहे परिवार की कार ट्रेलर से भिड़ी, हादसे में बाल-बाल बचे लोग
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी स्थित प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। छठ पर्व मनाने बिहार जा रहे एक परिवार की कार अचानक हाईवे पर मुड़े अनियंत्रित ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं और सभी मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, सूरत के मासमा में रहने वाले राहुल विश्वकर्मा और उनके भाई रोहन विश्वकर्मा अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ छठ पर्व मनाने अपने पैतृक गांव नवादा (बिहार) जा रहे थे। गुरुवार को उनकी कार जैसे ही मिर्जामुराद क्षेत्र के खजूरी के पास पहुंची, तभी सड़क पर बने कट से एक ट्रेलर बिना किसी संकेत के अचानक मुख्य हाईवे पर मुड़ गया। अचानक सामने आए भारी वाहन को देखकर कार चालक संभल नहीं पाया और कार सीधे ट्रेलर से जा टकराई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में लेते हुए उसके चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि कार में महिलाओं और बच्चों समेत सवार परिवार के सभी सदस्य गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गए।

