रविदास जयंती को लेकर प्रशासन सतर्क, मंदिर व मेला क्षेत्र का निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली मंदिर में 1 फरवरी को आयोजित होने वाली रविदास जयंती के मद्देनज़र गुरुवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कानून-व्यवस्था और यातायात पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लगातार पहुंच रहे श्रद्धालु
अधिकारियों ने बताया कि रविदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अनुयायी पहले ही सीर क्षेत्र पहुंच चुके हैं और श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला लगातार जारी है।
अधिकांश तैयारियां पूर्ण, शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश
प्रशासन के अनुसार निरीक्षण के समय अधिकांश तैयारियां पूर्ण पाई गईं। शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लंगर, पंडाल और बिजली व्यवस्था का मुआयना
निरीक्षण के दौरान लंगर, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं बिजली आपूर्ति का भी मुआयना किया गया। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डीसीपी ट्रैफिक सहित व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


