वाराणसी में खूंखार सांड़ का कहर
घर के दरवाजे पर सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय बैरवन स्थित पाल बस्ती में शुक्रवार देर रात खूंखार सांड़ के हमले में 70 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घर के दरवाजे के पास सो रहे शारदा पाल पर सांड़ ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वृद्ध घर के अंदर भागे, लेकिन सांड़ ने पीछा करते हुए उन्हें गलियारे में दीवार से दबा दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के बेटे सुरेश पाल के अनुसार, उनके पिता घर के दरवाजे के पास सो रहे थे। इसी दौरान सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह सांड़ को भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल शारदा पाल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बस्ती में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सांड़ पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। बीते कुछ दिनों में उसने शारदा पाल पर तीन बार हमला किया था। वहीं, गांव के गणेशु को भी दो बार घायल कर चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक सांड़ दर्जनों लोगों को घायल कर चुका है।
स्थानीय लोगों ने खूंखार सांड़ को पकड़ने और आवारा पशुओं से सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

