देह व्यापार : लंका के रेनबो गेस्ट हाउस पर एसओजी का छापा, 7 गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता): वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहे अवैध देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। विशेष कार्य बल (एसओजी-2) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसमें तीन युवतियां, एक ग्राहक, होटल संचालक और दो दलाल समेत कुल 7 लोग मौके से दबोचे गए।


एसओजी टीम ने एसीपी मुख्यालय अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में सिविल ड्रेस में होटल पहुंचकर पहले रिसेप्शन पर जांच की। संचालक ने शुरुआती पूछताछ में ही युवतियों की मौजूदगी और देह व्यापार की बात कबूल ली। इसके बाद टीम ने कमरों की तलाशी ली, जहां दो बंद कमरों में आपत्तिजनक हालत में लोग मिले। एक कमरे में युवक के साथ युवतियां पाई गईं, जबकि दूसरे में दलाल मौजूद थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह रैकेट स्थानीय ग्राहकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी “इंडियन और रशियन” जैसी लुभावनी पेशकश देकर आकर्षित करता था। दो युवतियां पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं, जिन्हें मात्र तीन दिन पहले वाराणसी लाया गया था।
छापेमारी के दौरान होटल रजिस्टर में युवतियों की कोई एंट्री नहीं मिली, न ही कमरे बुक दिखे। कमरों से आपत्तिजनक वस्तुएं, शक्तिवर्धक दवाएं और अन्य सामान बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस ने फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य भी जुटाए।
सभी आरोपियों को लंका थाने ले जाकर पूछताछ की गई। एसओजी के दरोगा की तहरीर पर कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, दलालों के अन्य ठिकानों और संभावित ग्राहकों की गहन जांच में जुटी है।

