गोरखपुर : दो भाइयों की मुंबई के मालेगांव में चाकू से निर्मम हत्या
शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम
गोरखपुर (जनवार्ता)। जिले के गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदिया गांव के दो सगे भाइयों की महाराष्ट्र के मालेगांव में सोते हुए चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अनीस साहनी (30 वर्ष) और उनके छोटे भाई निखिल साहनी (25 वर्ष) स्वर्गीय भोला साहनी के पुत्र थे। दोनों भाई मुंबई के मालेगांव में अपने चाचा दुर्गेश के साथ पेंट-पॉलिश का काम कर परिवार का गुजारा चलाते थे।
7 अप्रैल की रात को दोनों भाई अपने किराए के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि देर रात अज्ञात हमलावर कमरे में घुस आए और दोनों पर चाकुओं से लगातार वार किए। चीख-पुकार सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे चाचा दुर्गेश बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी।
गंभीर रूप से घायल अनीस ने किसी तरह उठकर कुंडी खोली, लेकिन इसके तुरंत बाद बेहोश हो गए। चाचा ने दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दोनों शव गांव हरदिया पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आक्रोशित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद गीडा थाने के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय और चौकी प्रभारी अजय सिंह ने परिवार को मनाया।
अंत में दोनों भाइयों को उनके दादा रामाश्रय निषाद ने मुखाग्नि दी।
घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि स्थानीय पुलिस भी परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दे रही है।
यह घटना गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के लिए बाहर गए युवकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

