गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी ने महायोगी गोरखनाथ का किया विशिष्ट पूजन
गोरखपुर (जनवार्ता)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में नाथपंथ की परंपरा के अनुसार शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशिष्ट पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ, योगिराज बाबा गंभीरनाथ सहित नाथपंथ के सभी गुरुजनों का श्रद्धापूर्वक पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर में प्रातःकाल से ही विशेष धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान गोरखनाथ, मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं तथा नाथपंथ के आचार्यों की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने लोककल्याण और समाज के मंगल की कामना करते हुए गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
अनुष्ठान के क्रम में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में मत्था टेका। इसके बाद बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधियों पर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट का महाप्रसाद भी अर्पित किया गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर परिसर में परंपरागत सामूहिक आरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गुरु परंपरा के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।

