बहादुरपुर हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, एक घायल
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बहादुरपुर हाईवे पर शनिवार की देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। मिली जानकारी अनुसार मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी अलीपुर गदरा के सनोज (पुत्र स्व. राजदेव, उम्र करीब 31 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सनोज और उसके पीछे बैठा रिश्तेदार धर्मेंद्र मिर्जापुर से कोई निमंत्रण देकर वापस घर आ रहे थे। रात करीब एक बजे बहादुरपुर हाईवे पर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार धक्का मार दिया।इस भीषण टक्कर में बाइक चालक सनोज की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि पीछे बैठे धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।” पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

