अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आया ऑटो, तीन की मौत, तीन गंभीर
जौनपुर (जनवार्ता)। जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सरायख्वाजा क्षेत्र के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑटो सवारी लेकर मछलीशहर से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

