मेरठ के रसूलपुर धौलड़ी गांव की घटना, आरोपी फरार
मेरठ (जनवार्ता)। जिले के जानीखुर्द थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर धौलड़ी गांव में जमीन के पैसों के विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 75 वर्षीय ऐजाज अहमद ने करीब चार माह पहले अपनी चार बीघा कृषि भूमि 54 लाख रुपये में बेचने का इकरारनामा किया था। बताया जा रहा है कि जमीन की पेशगी के रूप में मिली करीब चार लाख रुपये की रकम उन्होंने अपने बड़े बेटे रियाज अहमद को दी थी। रियाज ने इन पैसों का उपयोग अपनी बेटी के निकाह में किया था।
बताया गया कि 13 अप्रैल को जमीन का बैनामा होने के बाद रियाज अपने हिस्से की रकम की मांग को लेकर पिता पर लगातार दबाव बना रहा था। परिवार के लोगों के मुताबिक, ऐजाज अहमद ने उसे पैसे देने से इंकार कर दिया था, जिसके चलते दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे ऐजाज अहमद घर में खाना खाने के बाद बैठे हुए थे। इसी दौरान रियाज वहां पहुंचा और पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रियाज ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सिर में और दो गोलियां सीने में लगने से ऐजाज अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गोली दीवार में जा धंसी।
गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर जानीखुर्द थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने भी पहुंचकर जांच की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रियाज अहमद की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपने पिता को जान से मारने की धमकी दे चुका था। परिवार के लोगों ने बताया कि इसको लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ था।

