चौबेपुर थाना क्षेत्र में मध्यरात्रि युवती का अपहरण की आशंका, आरोपी गांव का ही युवक
चौबेपुर (जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से मध्यरात्रि में एक युवती के बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का केश (मामला) प्रकाश में आया है। पीड़ित पिता ने इस संबंध में चौबेपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी गांव का ही एक युवक है, जो काफी दिनों से उनकी पुत्री को परेशान कर रहा था। पीड़ित पिता ने बताया, “मैंने पहले उसके घर जाकर उसे समझाया-बुझाया था कि वह ऐसा काम न करे, हमारी बेटी तुम्हारी बहन लगेगी। लेकिन उसने मेरी बात नहीं मानी।”
पीड़ित पिता के अनुसार, इसी बात पर नाराजगी जताते हुए आरोपी ने विगत 27 अप्रैल को रात करीब 12 बजे अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर उनकी बेटी को पहले बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले गया। सुबह होने पर जब परिजनों को घटना का पता चला, तो उन्होंने आसपास के रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लड़की की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित पिता की सूचना पर चौबेपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपी युवक व उसके साथियों की तलाश में कई टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस लड़की की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। फिलहाल, क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश है।

