वाराणसी में सत्यभामा पाण्डेय मेमोरियल जिला हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 सम्पन्न, श्यामा हैंडबॉल अकादमी बनी चैंपियन
वाराणसी (जनवार्ता): खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित “सत्यभामा पाण्डेय मेमोरियल जिला हैंडबॉल बालक प्रतियोगिता 2026” का सफल समापन 2 मई को हुआ। यह प्रतियोगिता 1 मई से 2 मई तक वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर में आयोजित की गई, जिसमें जनपद के विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


इस प्रतियोगिता का आयोजन एस.एन. पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ और वाराणसी हैंडबॉल एसोसिएशन का विशेष सहयोग रहा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देना रहा।

समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी सचिव अमित पांडेय (किसन) तथा वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर की प्रधानाचार्या महोदया मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्यामा हैंडबॉल अकादमी ने फाइनल मुकाबले में बड़ा लालपुर स्टेडियम को 28-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया। उपविजेता बड़ा लालपुर स्टेडियम रही। वहीं एस.एस. पब्लिक स्कूल और दलिम्स रोहनिया को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
मैच के मुख्य आकर्षण:
पहले सेमीफाइनल में बड़ा लालपुर स्टेडियम ने एस.एस. पब्लिक स्कूल को 19-17 से हराया, जिसमें धर्मेन्द्र यादव ने 8 गोल किए।
दूसरे सेमीफाइनल में श्यामा हैंडबॉल अकादमी ने दलिम्स रोहनिया को 22-19 से पराजित किया, जिसमें अंकित यादव ने 11 गोल दागे।
फाइनल मुकाबले में श्यामा हैंडबॉल अकादमी के ऋतिक सरोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई, वहीं गोलकीपर निर्भय ने बेहतरीन बचाव कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण:
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 5100 रुपये तथा उपविजेता टीम को 2100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल सके।

