सार्वजनिक स्थलों पर दबंगों का कब्जा, गंदगी से ग्रामीण परेशान; प्रधान ने दी धरने की चेतावनी
सोनभद्र (जनवार्ता)! चतरा ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पड़री कला में आर.आर.सी. सेंटर, राशन दुकान, जन सुविधा केंद्र और होलिका दहन स्थल पर कथित अवैध कब्जे का मामला प्रकाश मे आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।


मिली जानकारी के मुताबिक चतरा ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री कला में स्थित सरकारी और सार्वजनिक उपयोग के कई महत्वपूर्ण स्थलों पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ग्राम प्रधान विजय कुमार के अनुसार, कब्जाधारियों ने आर.आर.सी. सेंटर, सरकारी उचित दर राशन की दुकान, जन सुविधा केंद्र और होलिका दहन स्थल के परिसर में गाय-भैंस बांध दी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है।
इस स्थिति के कारण राशन लेने आने वाले लाभार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, वहीं राशन वितरण कार्य भी बाधित हो रहा है। प्रधान का कहना है कि उक्त सरकारी जमीन को पहले प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका था, लेकिन उसी व्यक्ति द्वारा दोबारा कब्जा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की कई बार लिखित शिकायत की गई, साथ ही मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर 1 अप्रैल 2026 को शिकायत संख्या- 92620000008613 दर्ज कराई गई, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से पुनः कब्जा किया गया है। उन्होंने मांग की है कि सभी सार्वजनिक स्थलों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, और दोषियों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो और भविष्य में दोबारा कब्जा न हो इसके लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। प्रधान विजय कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।

