सामने घाट पर बनेगा क्रूज टर्मिनल, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में सामने घाट पर क्रूज टर्मिनल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम कार्यकारिणी ने दो एकड़ भूमि भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) को सशर्त देने की मंजूरी दी है। शर्त के अनुसार प्राधिकरण को डीएम सर्किल रेट के आधार पर किराया देना होगा, अन्यथा टर्मिनल भवन का एक फ्लोर नगर निगम को देना पड़ेगा।
सामने घाट स्थित आराजी संख्या 316/25 पर बनने वाला यह टर्मिनल गंगा आधारित पर्यटन और जल परिवहन को नई दिशा देगा। इससे मुख्य घाटों पर दबाव कम होगा और गंगा पार क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसाय, गाइड और परिवहन सेवाओं को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। परियोजना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और भविष्य में वॉटर टैक्सी संचालन को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम ने सेवा और मलीन बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं के सुधार के लिए सर्वे शुरू किया है। शिवपुर स्थित कांशीराम आवास समेत कई क्षेत्रों में सड़क, बिजली, नाली और पेयजल व्यवस्था को सितंबर-अक्टूबर तक दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा ऐढ़े क्षेत्र में 67 लाख रुपये की लागत से नई गौशाला और चहारदीवारी बनाई जाएगी। वहीं, परेड कोठी में करीब 1.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग स्थल, कार्यालय कक्ष और वर्कशॉप शेड का निर्माण कराया जाएगा। नदेसर और कैंटोमेंट क्षेत्रों में भी नाला, शौचालय और अन्य जनसुविधा कार्यों को मंजूरी मिली है।


