मड़ियांव में डंपर का कहर, चार घायल
लखनऊ (जनवार्ता)। मड़ियांव क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सर्विस लेन में कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा, ऑटो, बाइक और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना सुबह करीब सात बजे चंद्राढाल फ्लाईओवर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति में आया डंपर अचानक सर्विस लेन में घुस गया और कई वाहनों को रौंद दिया। हादसे में भरतनगर निवासी आशु गौतम का पैर कट गया, जबकि शिक्षिका निधि का पैर टूट गया। कुशीनगर निवासी अभय कुमार सिंह समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद चालक और खलासी फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।


