सासाराम नॉर्थ के पास नई रेल लाइन शुरू

सासाराम नॉर्थ के पास नई रेल लाइन शुरू

सासाराम,  (जनवार्ता)। रोहतास जिले में रेलवे नेटवर्क को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। आरा–सासाराम रेलखंड दोहरीकरण योजना के तहत सासाराम नॉर्थ केबिन स्टेशन के पास नई रेल लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद सासाराम की रेल कनेक्टिविटी के साथ-साथ व्यावसायिक और पर्यटन महत्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।

rajeshswari


जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर उत्तर स्थित करमडिहरी गांव के समीप प्रस्तावित सासाराम नॉर्थ स्टेशन क्षेत्र में निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे की योजना इस खंड को हावड़ा–दिल्ली मुख्य रेल मार्ग से स्वीकृत रेल ओवर रेल (आरओआर) के माध्यम से जोड़ने की है। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त दस्तावेजों में इस परियोजना की विस्तृत जानकारी सामने आई है।


रेलवे सूत्रों के अनुसार, सासाराम नॉर्थ को सासाराम जंक्शन से जोड़ने के लिए बन रहा रेल फ्लाईओवर अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वहीं सासाराम नॉर्थ केबिन से करवंदिया तक प्रस्तावित रेल ऊपरी पुल का निर्माण कार्य अगले दो माह के भीतर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।


करीब 8.95 किलोमीटर लंबे आरओआर निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 5.25 अरब रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त उदवंतनगर से जगजीवन हॉल्ट तक 3.06 किलोमीटर लंबी बाईपास लिंक rail line के निर्माण पर भी इस वर्ष 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।


रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद आरा–सासाराम रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम, तेज और निर्बाध होगा। इससे माल परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इसे भी पढ़े   अस्सी घाट पर स्नान के दौरान डूबने से युवती लापता, तीन को जल पुलिस ने बचाया


उल्लेखनीय है कि डीएफसीसी रेल लाइन तथा गया–डीडीयू और आरा–सासाराम रेलखंड पर ट्रेनों के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सासाराम में दो रेल ऊपरी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं का प्रमुख केंद्र करमडिहरी गांव के पास विकसित किया जा रहा सासाराम नॉर्थ क्षेत्र है।
योजना के तहत यहां “सासाराम नॉर्थ केबिन स्टेशन” नाम से नया सहायक स्टेशन भी विकसित किया जाएगा। स्टेशन पर करीब 700 मीटर लंबे दो प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जहां ट्रेनों के ठहराव की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रस्तावित स्टेशन को ध्यान में रखते हुए दो नई रेल लाइनों का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *