लखनऊ : अवैध अधिवक्ता चैंबरों पर चला बुलडोजर
वकीलों में भारी हंगामा
लखनऊ (जनवार्ता): इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को लखनऊ जिला कोर्ट परिसर के आसपास अवैध वकील चैंबरों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई। नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की सुरक्षा में 100 से अधिक अवैध चैंबरों को ध्वस्त कर दिया। कुल 200 से ज्यादा अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें हटाने का अभियान जारी है।

बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में वकील मौके पर जमा हो गए और नगर निगम की कार्रवाई का जोरदार विरोध किया। वकीलों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके चैंबर तोड़े जाने से उनका रोजमर्रा का कामकाज बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध निर्माण और कब्जों की शिकायतें आ रही थीं। इनकी वजह से आवागमन बाधित हो रहा था और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।
जिला कोर्ट और स्वास्थ्य भवन के आसपास बने अवैध चैंबरों को हटाने के लिए हाईकोर्ट ने पहले ही आदेश जारी कर दिए थे। नगर निगम ने वकीलों को नोटिस जारी कर 16 मई तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। साथ ही चैंबरों पर लाल क्रॉस के निशान भी लगाए गए थे। मियाद बीतने के बावजूद कब्जे न हटाए जाने पर आज बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन का कहना है कि चिन्हित सभी अवैध कब्जों को हटाने तक अभियान जारी रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी फोर्स तैनात किया गया है।
यह कार्रवाई लखनऊ शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है। वकील समुदाय और प्रशासन के बीच तनाव अभी भी जारी है।

