पेट्रोलियम बचत को लेकर डीएम की अनूठी पहल, पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट
सोनभद्र (जनवार्ता)। पेट्रोलियम बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में सोनभद्र प्रशासन ने अनूठी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ मंगलवार को अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों-कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा ईंधन की बचत करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर किए जा रहे आह्वान को जनपद स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस एवं समीक्षा बैठकों में प्रतिभाग करने का आग्रह किया, ताकि अनावश्यक ईंधन खपत को कम किया जा सके।
उन्होंने सुझाव दिया कि सप्ताह में कम से कम दो दिन ऐसे निर्धारित किए जाएं, जब फील्ड भ्रमण न हो और उस दिन बस, ई-रिक्शा व अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग किया जाए। साथ ही अधिकाधिक बैठकों को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने पर भी बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पाद सीमित प्राकृतिक संसाधन हैं। छोटी दूरी के लिए पैदल चलने, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की आदत न केवल ईंधन बचाएगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

